Football
Hockey & more | Navbharat Times
Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket
Tennis
तेजिंदर तूर का रेकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, तोक्यो ओलिंपिक का टिकट भी पक्का किया
पटियालागोला फेंक खिलाड़ी तेजिंदर सिंह तूर ने इंडियन ग्रां प्री चार में सोमवार को यहां एशियाई तथा राष्ट्रीय रेकॉर्ड के साथ तोक्यो ओलिंपिक का टिकट पक्का किया। इस दौरान चार गुणा 100 मीटर की रिले टीम और फर्राटा धाविका दुती चंद ने भी नये राष्ट्रीय रेकॉर्ड कायम किये। तूर ने 21.49 मीटर की दूरी के साथ ओलिंपिक क्वॉलिफिकेशन हासिल किया और अपने राष्ट्रीय रेकॉर्ड में सुधार किया। गोला फेंक में ओलिंपिक क्वॉलिफाइ करने के लिए 21.10 मीटर दूरी को मानक रखा गया है। उन्होंने इस दौरान तीसरे, चौथे और पांचवें प्रयास में क्रमश: 21.28 मीटर, 21.12 मीटर, 21.13 मीटर दूर गोला फेंका था। यह सभी प्रयास ओलिंपिक क्वॉलिफिकेशन से अधिक था। पंजाब के इस एथलीट ने इस दौरान सऊदी अरब के सुल्तान अब्दुलम अल हेब्शी के 12 साल पुराने एशियाई रेकॉर्ड को भी तोड़ दिया। हेब्शी ने 2009 में 21.13 मीटर दूर गोला फेंक रेकॉर्ड कायम किया था। इस खेल का पिछला भारतीय रेकॉर्ड भी 26 साल के तूर के नाम ही था जिन्होंने 2019 में 20.92 मीटर की दूरी तय की थी। तूर ने स्पर्धा के बाद कहा, ‘मैं पहली बार ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ कर काफी खुश हूं। यह एशियाई और राष्ट्रीय रेकॉर्ड भी है। ओलिंपिक क्वॉलिफाइ करने पर मैं आश्चर्यचकित नहीं हूं क्योंकि मैं 21.20 मीटर से 21.40 मीटर तक गोला फेंक रहा था।' उनका रेकॉर्ड तोड़ने वाला प्रदर्शन डोप टेस्ट पास करने के अधीन है। यह पता चला है कि राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी के डोप नियंत्रण अधिकारी एनआईएस-पटियाला में इस एक दिवसीय आयोजन लिए मौजूद थे। तूर का प्रदर्शन 2012 और 2016 में कांस्य पदक जीतने वाले एथलीट से बेहतर है। महिला रिले टीम नहीं कर पाई क्वॉलिफाइ महिला रिले टीम नया राष्ट्रीय रेकॉर्ड बनाने के बाद भी ओलिंपिक क्वॉलिफिकेशन मानक को हासिल नहीं कर सकी। हिमा दास, दुती चंद, एस धनलक्ष्मी और अर्चना सुसींद्रन ने 43.37 सेकंड के साथ भारत ‘बी’ (48.02 सेकंड) टीम को पछाड़ते हुए दौड़ अपने नाम की। मालदीव (50.74 सेकंड) की टीम तीसरे स्थान पर रही। इससे पहले यह रेकॉर्ड मर्लिन के जोसेफ, एच एम ज्योति, सरबनी नंदा और दुती की चौकड़ी के नाम था जिन्होंने 2016 में अल्माटी में 43.42 सेकंड का समय लिया था। तोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ करने के लिए भारतीय टीम को 43.05 सेकंड से कम समय में रेस पूरी करनी थी। महिलाओं के चक्का फेंक में कमलप्रीत कौर ने अपने पिछले राष्ट्रीय रेकॉर्ड में सुधार करते हुए 66.59 मीटर की दूरी तय की। उनका प्रदर्शन हालांकि राष्ट्रीय रेकॉर्ड की श्रेणी में नहीं आयेगा क्योंकि अपने वर्ग में वह इकलौती प्रतिस्पर्धी थी। वह हालांकि फेडरेशन कप में 65.06 मीटर के साथ पहले ही तोक्यो ओलिंपिक का कोटा हासिल कर चुकी हैं। वह 65 मीटर की दूरी को पार करने वाली देश की पहली महिला चक्का फेंक खिलाड़ी हैं। दुती चंद नहीं कर सकीं क्वॉलिफाइ फर्राटा धाविका दुती ने महिलाओं के 100 मीटर स्पर्धा में 11.17 सेकंड के साथ अपने राष्ट्रीय रेकॉर्ड में सुधार किया। वह हालांकि ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ नहीं कर सकीं जिसके लिए मानक 11.15 सेकंड था। दुती का पिछला राष्ट्रीय रेकॉर्ड 11.21 सेकंड का था। ओलिंपिक क्वॉलिफिकेशन स्तर हासिल करने में नाकाम रहने के बाद भी दुती रैंकिंग के आधार पर 100 मीटर दौड़ में कोटा हासिल कर सकती है। उनकी विश्व रैंकिंग 42वीं है जबकि ओलिंपिक के 100 मीटर दौड़ में 56 खिलाड़ी भाग लेते है। हिमा दास 200 मीटर दौड़ में 22.88 सेकंड के साथ शीर्ष पर रही। वह मामूली अंतर से तोक्यो ओलिंपिक का क्वॉलिफिकेशन चूक गयी जो 22.80 सेकंड है। इस प्रदर्शन से वह शीर्ष 40-50 खिलाड़ियों में जगह बना सकती है। इसमें भी शीर्ष 56 खिलाड़ी ओलिंपिक में भाग लेंगे। पुरुषो के लंबी कूद में ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाइ कर चुके एम सीरिशंकर ने 7.74 मीटर के प्रयास के साथ पहला स्थान हासिल किया। पुरूषों की चार गुणा 400 रीले दौड़ की टीम ने तीन मिनट 02.61 सेकंड का समय निकाला। इस प्रदर्शन से यह टीम ‘रोड टू तोक्यो’ सूची में 16वें स्थान पर है। ओलिंपिक में 16 टीमें भाग लेंगी। एथलीटों के पास ओलिंपिक टिकट हासिल करने का आखिरी मौका राष्ट्रीय अंतर राज्यीय चैम्पियनशिप में होगा जिसका आयोजन 25 से 29 जून तक इसी स्थल पर होगा।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3gHj8l4
No comments