जोहानिसबर्ग जोहानिसबर्ग टेस्ट के पहले दिन साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने दम दिखाया। भारत की पहली पारी सिर्फ 202 रन पर सिमट गई। दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका का स्कोर 1 विकेट पर 35 रन था। भारतीय टीम हालांकि इस बात को लेकर निराश होगी कि उसने एक मौका गंवा दिया। भारतीय टीम ने कीगन पीटरसन को जीवनदान दिया। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर इस बात को लेकर काफी नाराज नजर आए। ऋषभ पंत ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर पीटरसन का कैच छोड़ दिया। इस दौरान कॉमेंट्री कर रहे गावस्कर पंत के प्रदर्शन के खफा दिखे। गावस्कर ने कॉमेंट्री के दौरान कहा, 'जब आपने हाथों में दस्ताने पहने हों तो इस तरह के कैच आपको जरूर लपकने चाहिए। यह कैच मुश्किल जरूर था लेकिन इसे पकड़ा जाना चाहिए था।' यह भारतीय पारी के 14वें ओवर की दूसरी गेंद थी। बुमराह ने ऑफ स्टंप के बाहर छोटी गेंद फेंकी थी। गेंद क्योंकि काफी बाहर थी इस वजह से बल्लेबाज ने उस पर आक्रामक कट खेलने की कोशिश की। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पंत के दाईं ओर उछलती हुई गई। पंत ने छलांग लगाई लेकिन वह कैच लपकने में असफल रहे। बुमराह के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। गावस्कर ने कहा, 'बुमराह आम तौर पर कमजोर गेंद नहीं फेंकते हैं, ऐसे में जब उन्होंने यह गेंद फेंकी तो बल्लेबाज ने इसे एक मौके के तौर पर लिया होगा। हालांकि पंत को यह कैच लपकना चाहिए था।' पहली नजर में लगा कि अगर पंत बीच में नहीं आते तो शायद पहली स्लिप में खड़े चेतेश्वर पुजारा गेंद को कैच कर सकते थे लेकिन रीप्ले देखकर पता चला कि शायद उनके लिए भी यह आसान नहीं होता। गावस्कर ने कहा, 'पंत के कैच छोड़ने का एक ही सकारात्मक पहलु है कि उन्होंने दो रन बचाए। चूंकि पहली स्लिप के लिए भी यह कैच आसान नहीं होता।' इससे पहले मार्को जैनसन, कागिसो रबाडा और डुअन ओलिवर के प्रदर्शन के दम पर भारत पहली पारी में 202 रन पर सिमट गया। भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने मारक्रम को आउट भारत को दिन की इकलौती कामयाबी दिलाई।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3EPttnN
No comments:
Post a Comment