Tuesday, August 18, 2020

क्या अभी भी 150 करोड़ रुपये कमाते रहेंगे MS धोनी?

इंटरनैशनल क्रिकेट से एमएस धोनी (MS Dhoni) की रिटायरमेंट से उनके फैन्स काफी दुखी हुए हैं। रिटायरमेंट के बाद खिलाड़ियों की कमाई पर भी असर पड़ता है। उन्हें बोर्ड से ऐक्टिव खिलाड़ियों जितना पैसा नहीं मिलता और विज्ञापनों से होने वाली कमाई भी सीमित हो जाती है। लेकिन क्या धोनी के मामले में भी ऐसा होगा?

जब अपने करियर के शुरुआती दिनों में धोनी ने अपना पहला विज्ञापन साइन किया था तो यह कोई पेय पदार्थ या स्पोर्ट्स शूज का नहीं बल्कि यह एक साबुन का ऐड था। कर्नाटक की एक साबुन बनाने वाली कंपनी कर्नाटक सोप्स ऐंड डिटर्जेंट लिमिटेड (KSDL) के मैसूर सैंडल सोप को धोनी ने प्रमोट किया था। हालांकि जल्दी ही यह डील खत्म हो गई।

रिबॉक जैसे कुछ नामी ब्रैंड्स ने धोनी को उनके घरेलू क्रिकेट के दौर से ही साइन कर लिया था। लेकिन तब उन्हें यह अहसास नहीं था कि एक दिन वह महान सचिन तेंडुलकर के कद जितने खिलाड़ी बन जाएंगे।

ऐडएक्स इंडिया और टैम मीडिया रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक बीते साल जनवरी से नवंबर 2019 तक धोनी ने देश की किसी भी सिलेब्रिटी से ज्यादा ऐड साइन किए।

इंडस्ट्री से जुड़े सूत्र बताते हैं कि धोनी प्रत्येक ब्रैंड के साथ डील करने का करीब 5 करोड़ लेते हैं। वर्तमान में वह ब्रैंड्स से करीब ₹150 करोड़ की कमाई करते हैं।

साल 2008 में पेप्सी आईपीएल के लिए धोनी ने रजनीकांत की ऐक्टिंग कर ऐड शूट किया था। धोनी का यह अवतार देखकर ऐड इंडस्ट्री के लोग भी उनकी ऐक्टिंग का यह स्टाइल देखकर दंग रह गए थे। इस ऐड के बाद धोनी ऐड फिल्ममेकर्स की पहली पसंद बन गए।

39 वर्षीय एमएस धोनी ने क्रिकेट के बाद अपनी सेकंड इनिंग का ख्याल पहले से ही कर लिया था। कार 24 और ड्रीम 11 जैसी ऑनलाइन कंपनियों में उनका निवेश है। इसके अलावा धोनी अरुण पांडे के साथ मिलकर ऋति स्पोर्ट्स कंपनी भी चलाते हैं, चार साल पहले उन्होंने लाइफस्टाइल ब्रैंड 'सेवन' की शुरुआत की थी।

धोनी की रिटायरमेंट से उनके फैन्स भले मायूस हों लेकिन बाजार इससे बिल्कुल भी चिंतित नहीं है। जानकार मानते हैं कि ब्रैंड्स के लिए धोनी अभी भी विश्वास का दूसरा नाम हैं और रिटायरमेंट से अभी उनकी कमाई पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। इसके अलावा वह अभी आईपीएल में खेलना जारी रखेंगे, जिससे फैन्स और ब्रैंड्स दोनों को ही वह अपने चिर-परिचित अंदाज में दिखाई देंगे ही।

इनपुट: इकोनॉमिक टाइम्स



from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/326hvVy

No comments:

Post a Comment