Football
Hockey & more | Navbharat Times
Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket
Tennis
शार्दुल ठाकुर ने कराई टीम इंडिया की वापसी, अब पुजारा और रहाणे पर जिम्मेदारी
जोहान्सबर्ग सात विकेट लेकर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने साउथ अफ्रीका को दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन मंगलवार को पहली पारी में अच्छी बढ़त लेने से रोक दिया हालांकि दूसरी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही । भारत के 202 रन के जवाब में साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाए। शार्दुल ने लिए सात विकेट भारत के इस प्रदर्शन के नायक रहे ठाकुर जिन्होंने 17.5 ओवर में 61 रन देकर सात विकेट लिए । भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 85 रन बना लिए थे यानी उसके पास 58 रन की बढ़त हो गई है। अपना करियर बचाने की कोशिशों में जुटे चेतेश्वर पुजारा 42 गेंद में 35 और अजिंक्य रहाणे 22 गेंद में 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों पर कल तीसरे दिन बड़ी पारी खेलकर भारत को अच्छा स्कोर देने और खराब फॉर्म को अलविदा कहकर अपने करियर को बचाने का दारोमदार होगा। खराब रही शुरुआत, रहाणे-पुजारा पर दारोमदार भारत की शुरुआत काफी खराब रही और दोनों सलामी बल्लेबाज 44 के स्कोर पर पविलियन लौट गए। विराट कोहली की जगह कप्तानी कर रहे के एल राहुल आठ रन बनाकर मार्को जेनसन का शिकार हुए जबकि मयंक अग्रवाल (23) को डुआने ओलिवियर ने पविलियन भेजा। इसके बाद से पुजारा और रहाणे ने 8.2 ओवर में 41 रन की अटूट साझेदारी की। ठाकुर के नाम रहा दिन भारत के लिए दूसरे दिन का हासिल रही ठाकुर की गेंदबाजी जिन्होंने पहले सत्र में तीन, दूसरे और तीसरे सत्र में दो-दो विकेट चटकाए। जेनसन (21) को आखिरी सत्र में उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के हाथों लपकवाया और लुंगी एंगिडि (0) को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाकर साउथ अफ्रीका की पारी का अंत किया। ठाकुर ने समेटी साउथ अफ्रीका की पारी इससे पहले लंच के बाद वाले सत्र में साउथ अफ्रीका ने 89 रन जोड़े लेकिन तीन विकेट गंवाए जिनमें से दो ठाकुर ने लिए। पहले उन्होंने काइल वेरेन्ने को पगबाधा आउट किया जो 21 रन बनाकर लौट । इसके बाद तेम्बा बावुमा को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया। पिछली गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर बावुमा अपना विकेट गंवा बैठे। बावुमा ने 60 गेंद में छह चौकों और अश्विन को जड़े एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। कगिसो रबाडा खाता भी नहीं खोल सके थे और शमी ने उन्हें मिड ऑन पर खड़े मोहम्मद सिराज के हाथों लपकवाया। लंच से पहले ठाकुर ने डीन एल्गर (120 गेंद में 28 रन) और युवा कीगन पीटरसन (118 गेंद में 62 रन) को पविलियन भेजा। पीटरसन का टेस्ट क्रिकेट में यह पहला अर्धशतक था। इसके बाद लंच के समय रासी वान डेर डुसेन को आउट किया जिन्होंने 17 गेंद में मात्र एक रन बनाया। विकेट के पीछे ऋषभ पंत का यह कैच हालांकि जमीन को छूता नजर आ रहा था । एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर एक विकेट पर 88 रन था लेकिन उसने तीन विकेट आधे घंटे में 14 रन के भीतर गंवा दिए। अश्विन-सिराज रहे खाली हाथ जसप्रीत बुमराह ने 21 ओवर में 49 रन देकर एक विकेट लिया, वहीं मोहम्मद शमी ने 21 ओवर में 52 रन देकर दो विकेट चटकाए। अश्विन और सिराज को भी कोई सफलता हाथ नहीं लगी। मेजबान कप्तान एल्गर को ठाकुर ने विकेट के पीछे पंत के हाथों लपकवाया। वहीं पीटरसन उनकी शॉर्टपिच गेंद पर चकमा खा गए और दूसरे स्लिप में मयंक अग्रवाल को कैच थमा बैठे । पीटरसन का इससे पहले सर्वोच्च टेस्ट स्कोर 19 रन था। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके जड़े । उन्होंने एल्गर के साथ दूसरे विकेट के लिये 74 रन की साझेदारी की लेकिन इसके बाद ठाकुर ने आकर मैच की तस्वीर की पलट दी।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3JDFPD3
No comments